फरीदाबाद,जब बुनियादी सुविधाओं का अभाव जीना मुहाल कर दे और प्रशासन कान बंद कर ले तो जनता अपने अंदाज में आवाज उठाती है। दिल्ली-एनसीऔर के प्रमुख औद्योगिक शहर फरीदाबाद में इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स (X) पर शहर की बदहाली की तस्वीरें और विडियो इस कदर वायरल हुए कि यह टॉक ऑफ द सोशल मीडिया बन गया।
हैरानी की बात यह रही कि बदहाली के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश भी की गई। ‘Biased Indian’ नामक हैंडल, जो शहर की रोज की चुनौतियों को फोटो और विडियो के जरिये पेश कर रहा था, उसने पोस्ट किया कि कुछ लोग फोन कर विडियो न डालने की धमकी दे रहे हैं। 3 मार्च को उन्होंने ऑटो में सफर करते हुए शहर की जर्जर सड़कों का हाल दिखाया। पहले भी उन्होंने कूड़े के ढेर और आवारापशुओं की समस्याओं को उजागर किया था. जिसे हजारों लोगों ने रीपोस्ट कर समर्थन दिया।
