
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर हो सकती है मनोहर लाल की ताजपोशी
भारतीय जनता पार्टी की ओर से जल्द ही नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति की जानी है। पिछले करीब एक सप्ताह से ऐसी चर्चाएं हैं कि इस पद पर केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर की ताजपोशी हो सकती है। खट्टर का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विश्वासपात्र माना जाता है। सखटूटर एव मोदी दोनों एक साथ संगठन में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जिस तरह से उन्होंने देश के तमाम राज्यों का दौरा करते हुए न केवल अपने विभागों से संबधित परियोजनाओं की समीक्षा की, वहीं अलग-अलग राज्यों में उन्होंने भाजपा के पदाधिकारियों के साथ संबंधित राज्यों को लेकर मंचन किया। अब सोमवार को मनोहर लाल खट्टर के भाजपा के केंद्रीय कार्यलिय में बैठकर विभिन्न राज्यों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करने से सियासी गलियारों में इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है कि मनोहर लाल खट्टर भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष हो सकते हैं।
गौरतलब है कि 17 जून 2019 को जे.पी. नड्डा को भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद जनवरी 2020 में नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनका कार्यकाल समाप्त हुए काफी समय हो गया है। ऐसे में अब उनके स्थान पर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति होनी है और नए अध्यक्ष के रूप में कई नेताओं के नाम चल रहे हैं, इनमें मनोहर लाल खट्टर का नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर लगातार सर्वाधिक चर्चा में बना हुआ है।