ग्रेटर फरीदाबाद में तेजी से फैलते शहरी दायरे को व्यवस्थित रूप देने की दिशा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने दो नए मिनी सेक्टर बसाने की तैयारी शुरू कर दी है। सेक्टर-79 के साथ अब सेक्टर-89 में भी करीब 30 से 40 एकड़ क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। प्राधिकरण का फोकस इन क्षेत्रों को केवल बसाने तक सीमित नहीं है।
यहां शुरुआत से ही सड़क, पानी और सीवरेज जैसी जरूरी सुविधाएं विकसित करने की है। इसके लिए विस्तृत योजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों मिनी सेक्टरों में मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें चौड़ी सड़कों का निर्माण, सीवरेज नेटवर्क, पेयजल पाइपलाइन और वर्षा जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। खासतौर पर सेक्टर-89 में काम का दायरा बड़ा रखा गया है। यहां जमीन को निर्माण योग्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर समतलीकरण किया जाएगा।
