
स्मार्ट सिटी में आरडब्ल्यूए अपने कूड़े का निस्तारण खुद करेंगी
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट सिटी में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) अपने कूड़े का निस्तारण खुद करेंगी। नगर निगम प्रशासन कूड़ा इकट्ठा करने से निस्तारण तक का कार्य आरडब्ल्यूए को सौंपने की तैयारी में है।
नगर निगम पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पहले चरण में पांच आरडब्ल्यूए के साथ करार करेगा। शहर में कूड़ा निस्तारण करने की समस्या बनी हुई है। बंधवाड़ी कूड़ा निस्तारण प्लांट में कूड़े का पहाड़ खड़ा हो चुका है। वहां पर एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के आदेश के कारण पूरा कूड़ा भेजना संभव नहीं है।
आरडब्ल्यूए अपने स्तर पर हर घर से गीला और सुखा कूड़ा इकट्ठा करवाएगी। गीले कूड़े में रसोई से निकला कचरा शामिल होता है। इस कचरे को निगम आरडब्ल्यूए से लेकर बायोगैस प्लांट में भिजवाएगा। सेक्टर-13 में आईओसी (इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन) प्लांट के साथ पक बायोगैस प्लांट बना हुआ है। इसकी क्षमता पांच टन है। वहीं, निगम एक और प्लांट लगाने की तैयारी में जुटा हुआ है। दूसरा, सूखे कूड़े में बोतल, गते, प्लास्टिक का सामान आदि आता है। इसकी आसानी से विक्री हो जाती है। बागवानी कचरे की मशीन से निस्तारण करवाया जाएगा। इसके लिए निगम आरडब्ल्यूए को परिवहन साधन सहित जरूरी-मबद भी देगा।