जागरण संवाददाता, फरीदाबादः वर्षा के बाद ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटियों और सेक्टरों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सोसायटी की भीतरी सड़कों से लेकर बेसमेंट में दो-दो फुट पानी भर गया है। टूटी सड़कें और जलभराव के कारण कई वाहन फंस गए। एक स्कूटी सवार तो बच्चों के साथ गिर भी गए।
लोगों ने बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। कई सोसायटियों और ब्लाक में बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही। ग्रेटर फरीदाबाद की अधिकांश सोसायटियों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसकी वजह से अकसर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। मानसून में हालात अधिक खराब हो जाते हैं।
