फरीदाबाद। 2018 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी आयुष सिन्हा मंगलवार को जिला फरीदाबाद के उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व वह मानेसर नगर निगम के आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले वह यमुना नगर में बतौर अतिरिक्त उपायुक्त और अन्य पदों पर कार्यरत रहे है। श्री सिन्हा ने 2018 की सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय सातवीं रैंक प्राप्त की थी।
शिमला में जन्मे और पले-बढ़े श्री सिन्हा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वहीं से पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी एंड साइंस । बीआईटीएस), गोवा से कैमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा बायोलॉजिकल साइंस में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की। आयुष सिन्हा एक ऐसी पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं, जहाँ सार्वजनिक सेवा, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और संस्थागत मूल्यों की सुदृढ़ परंपरा रही है। उनके दादा बिहार कैडर में वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान दिया। उनके पिता प्रदीप कुमार सिन्हा, एडिशनल प्रिंसिपल चीफ कंजरवेटर के पद से सवानिवृत्त हुए और लंबे समय तक जनसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे।
