फरीदाबाद दिल्ली-आगरा हाईवे के बाटा मोड़ फ्लाईओवर की सड़क में दरार आ गई। दरार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो एनएचएआई प्रबंधन हरकत में आ गया। एनएचएआई प्रबंधन ने इसका निरीक्षण कर मरम्मत का आदेश दे दिया है। दिल्ली-आगरा हाईवे को चार लेन से छह लेन बनाने का कार्य 2014-15 से लेकर 2018-19 के बीच किया गया था। इस अवधि में हाईवे पर जगह फ्लाईओवर का निर्माण भी हुआ था।
इस हाईवे के रखरखाव की जिम्मेदारी निजी कंपनी के पास है। यह कंपनी यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से टोल टैक्स वसूलती है। शहर के बीचों बीच गुजर रहे हाईवे के बाटा मोड़ फ्लाईओवर की दिल्ली से आगरा और आगरा से दिल्ली की ओर जाने वाले लेन में पिछले कुछ समय से दरार दिख रही हैं। एनएचएआई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और हाईवे की रख रखाव करने वाली कंपनी के प्रबंधन को मरम्मत का आदेश दे दिया। बारिश में जलभराव की रहती है समस्याः बारिश के मौसम में हाईवे पर जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। सबसे ज्यादा समस्या गुडईयर मोड़ और सीकरी फ्लाईओवर के पास होती है। पलवल में सोफ्ता मोड़ पर पानी जमा होने से ट्रैफिक रेंगने लगता है।
