फरीदाबाद, जासूसी प्रकरण में गाजियाबाद पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी नौशाद अली पिछले तीन माह से ग्रेटर फरीदाबाद के नचौली इलाके में पेट्रोल पंप पर पंक्चर की दुकान चला रहा था। यहां वह तीन महीने पहले ही कोलकाता से किसी संपर्क के जरिए आया था। नौशाद अली मूल रूप से बिहार जिला मुजफ्फरपुर के थाना काटी के अंतर्गत हरचंदा गांव का रहने वाला है। 16 मार्च को गाजियाबाद पुलिस की टीम आरोपी को काबू करने के लिए पेट्रोल पंप पर आई थी।जब पुलिस ने उसे हिरासत में लिया तो उसके सहकर्मियों के होश उड़ गए थे।
पुलिसकर्मियों ने पंप पर कर्मचारियों को सिर्फ इतना बताया कि वे हेडक्वार्टर से आए है। इसके बाद वे उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर चले गए थे। बाद में पता चला किउसे जासूसी मामले में पकड़ा गया है तो उसके साथ पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों के होश उड़ गए। पंप पर काम करने वाले संतोष ने बताया कि करीब तीन महीने पहले यहां पंक्चर वाले की जरूरत थी। पेट्रोल पंप के पूर्व मैनेजर रविंद्र का संपर्क मेवला महाराजपुर में पेट्रोल पंप पर पंक्चर की दुकान चलाने वाले व्यक्ति से था। मेचला महाराजपुर में पेट्रोल पंप परपंक्चर की दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने अपने किसी परिचित के संपर्क के जरिए नौशाद अली को कोलकाता से यहा फरीदाबाद बुला लिया था।
