मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर प्रशासन बड़े-बड़े दावे कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी जयां कर रही है। जिन बीएलओ का घर जाकर मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने और उन्हें भरवाने की जिम्मेवारी दी हुई है, वे कई जगह मंदिरों, धर्मशालाओं और अन्य स्थायी स्थानों पर बैठकर औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं।
नतीजा यह है कि हजारों मतदाता घरों पर बीएलओ का इंतजार कर रहे हैं और अभियान की गति धीमी पड़ती नजर आ रही है।फरीदाबाद जिले में करीब 18.80 लाख मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बीएलए की संख्या बढ़ाने और बीएलओ को घर-घर पहुंचाने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में फॉर्म जमा नहीं होने पर मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल होने में दिक्कत आ सकती है।
