फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-89 में गुरुवार की तेज बारिश के दौरान धंस गई सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की टीम सुबह ही मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की खुदाई कर नई सड़क तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुरक्षित बनाया जाएगा। गुरुवार को हुई भारी बारिश के दौरान सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया था। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने प्रभावित हिस्से के चारों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात को दूसरे मार्ग से निकाला था।
