फरीदाबाद, महावीर गोयल (पंजाब केसरी): ग्रेटर फरीदाबाद के इलाकों में मानसून की शुरुआती बारिश के दौरान सड़कों के धंसने के मामले को लेकर फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। प्राधिकरण ने सरकारी संपत्ति की नुकसान पहुंचाने और आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में जिम्मेदार बिल्डरों के ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जांच में यह साफ हुआ है कि इन ठेकेदारों ने बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के अवैध रूप से सड़कों की खुदाई की थी, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
नियमों को ताक पर रखकर की गई खुदाई हाल ही में हुई बारिश के बाद ग्रेटर फरीदाबाद के दो प्रमुख इलाकों में मुख्य सड़कें अचानक धंस गईं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएमडीए की एक विशेष तकनीकी टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी निरीक्षण किया। टीम ने सेक्टर-89 स्थित टीडीआई बिल्डर क्षेत्र और सेक्टर-80 स्थित डिस्कवरी पार्क सोसाइटी के बाहर मुख्य सड़कों का बारीकी से मुआयना किया।
