फरीदाबाद, प्रमुख संवाददाता। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की रफ्तार अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण आवेदन करने के बाद बेड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा वेंडन का चयन नहीं करना है। दूसरा, अनुदान योजना के बावजूद लोग आवेदन करने के लिए भी आगे नहीं आरहे हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई तक 5,013 उपभोक्ताओं ने योजना के तहत आवेदन किया है, लेकिन इनमें से 1245 आवेदकों ने अभी तक अधिकृत वेंडर का चयन नहीं किया है। इसके चलते उनके घरों में सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। जिले में अब तक 2197 उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, 3,768 उपभोक्ताओं के यहां पर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया चल रही है। वेंडर का चयन करने से सौर ऊर्जा कनेक्शन लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सकती है।
