जागरण संवाददाता, फरीदाबादः पिछले दस दिनों से बिजली कटौती और पेयजल किल्लत से परेशान ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-86 स्थित एडोर हैप्पी होम सोसायटी के लोगों के सव्र का बांध रविवार को टूट गया। निवासियों ने भारी संख्या में एकत्रित होकर बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। सोसायटी में 782 फ्लैट्स हैं। तीन साल पहले पजेशन मिला था।
लोगों के मुत्ताबिक एक फ्लैट की कीमत वर्तमान में 75 लाख से अधिक है। मेटेनेंस, बिजली और पानी का बिल हर महीने देने के बाद भी जरूरी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। स्थानीय निवासी सीमान सिंह, संजीव, लखन सिंह और ध्रुव अग्रवाल ने बताया कि पिछले दस दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है। टैंकरों के सहारे गुजर-बसर कर रहे हैं। बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी बार-बार शिकायत के बाद भी स सुनवाई नहीं कर रही है। पेयजल सप्लाई के लिए लगी मोटरें भी खराब हो गई हैं, मेंटेनेंस एजेंसी द्वारा मरम्मत तक नहीं कराई जा रही है।
