फरीदाबाद, 19 जुलाई (नवोदय टाइम्स) : ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित एडोर हैप्पी होम सोसायटी में पिछले करीब दस दिनों से जारी बिजली कटौती और पेयजल संकट के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में निवासी एकत्रित हुए। लोगों ने बिल्डर और मेंटेनेंस व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की मांग की।
निवासियों का कहना है कि नियमित रूप से मेंटेनेंस, बिजली और पानी का शुल्क देने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो रही हैं। निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में रहने वालों को लगातार बिजली और पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इससे परिवारों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। लोगों ने बताया कि पिछले दस दिनों से पेयजल आपूर्ति लगातार बाधित है। स्थिति ऐसी बन गई है कि अधिकांश परिवार पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं।
