नीट यूजी के परिणाम में स्मार्ट सिटी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। सेक्टर-21सी निवासी पांशुल बंसल ने अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जबकि रुद्राक्ष कोचर ने 37वां और दक्ष मग्गू ने 98वां स्थान प्राप्त किया है। जाह्नवी चौधरी ने 311वां स्थान हासिल किया है। पांशुल दिल्ली कैलाश कॉलोनी स्थित समर फील्ड स्कूल, रुद्राक्ष, दक्ष और जाह्नवी सेक्टर-87 स्थित मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल के छात्र हैं। इनके परिवार में खुशी का माहौल है।
पांशुल ने बताया कि उन्होंने नीट की तैयारी के लिए कोई अलग या विशेष रणनीति नहीं अपनाई। वह नियमित रूप से सुबह, दोपहर और रात निर्धारित समय पर पढ़ाई करते थे। पांशुल ने बताया कि वह परीक्षा रद्द होने के बाद निराश नहीं हुए, बल्कि इसे अवसर के रूप में देखा। पहले वाली परीक्षा में हुई गलतियों से सबक लेकर उन्हें सुधारा और उसका ही परिणाम है कि अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
