NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : सेक्टर-85 स्थित एक आवासीय संपत्ति के सौदे में कथित वित्तीय धोखाधड़ी, नकद लेन-देन, संपत्ति गिरवी होने की जानकारी छिपाने और खरीदार परिवार को बेदखल करने के आरोपों को लेकर आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच के बाद सेंट्रल पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एनआईटी स्थित पर्वतीय कॉलोनी निवासी वीणा तिवारी ने डीसीपी मुख्यालय और थाना प्रभारी सेंट्रल को शिकायत देकर आरोप लगाया कि सेक्टर-85, बीपीटीपी पार्कलैन्डस स्थित एक मकान के दूसरे फ्लोर की खरीद फरोख्त के दौरान उनके परिवार के साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई।
शिकायत में तुषार पराशर, सार्थक पराशर, महेंद्र पराशर, संजीव पराशर, लाल बाबू यादव और किरण को आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2024 से 2025 के बीच संपत्ति की बिक्री के लिए अलग-अलग मूल्य के कई एग्रीमेंट तैयार किए गए। कभी सौदे की कीमत 1.32 करोड़ दिखाई गई तो कभी उसे घटाकर 80 लाख कर दिया गया।
