फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। शहर की सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। फरीदाबाद के नंदीशाला या गोशाला में जगह के अभाव को देखते हुए पकड़े गए लावारिस पशुओं को नूंह के गोशालाओं में भेजा जाएगा। नगर निगम की ओर से लावारिस पशुओं की समस्या से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। शहर में जहां भी लावारिस गाय, बैल या अन्य पशु सड़क पर दिखाई देंगे, वहां निगम की टीम मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़कर नंदीशाला या गोशाला भेजेगी।
स्मार्ट सिटी में लोग लावारिस पशुओं से बेहद परेशान है।ओल्ड फरीदाबाद की मुख्य सड़क के साथ ही डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे-पर दिनभर पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार ये पशु अचानक गाड़ियों के सामने आ जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता हैं। साथ ही कई बार सड़कों पर जाम लग जाता है। इन्हें लेकर नगर निगम की ओर से समय-समय अभियान चलाया जाता है। सड़कों से पशुओं को पकड़ कर गोशाला छोड़ दिया जाता है। इसके बावजूद समस्या कम नहीं हो रही है।
