फरीदाबाद। प्रतापगढ़ डंपिंग यार्ड में लगातार बढ़ रही कूड़े की मात्रा को लेकर आसपास के क्षेत्रों के लोगों का विरोध तेज होने लगा है। इसी मुद्दे पर स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रदाधिकारियों ने सेक्टर-56 स्थित कम्युनिटी सेंटर में बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
इस मामले में सोमवार को निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा जाएगा और चार दिन का समय दिया जाएगा। बैठक में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रतापगढ़ इंपिंग यार्ड में पिछले कुछ दिनों तुलना में काफी अधिक कूड़ा डाला जा रहा है। पहले यहां प्रतिदिन करीब 350 टन कूड़ा पहुंचता था, जबकि अब यह मात्रा बढ़कर लगभग 600 टन प्रतिदिन हो गई है।
